पौड़ी

जनपद में 17 दिसंबर से शुरू होंगे ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर

पौड़ी। केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत 17 दिसंबर से बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दी गई।

सीडीओ ने बताया कि अभियान के तहत जनपद की 115 न्याय पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे, जहां आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। रोस्टर के अनुसार न्याय पंचायतवार नोडल अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों में उपस्थित लोगों को केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाए तथा पात्र लाभार्थियों को तत्काल लाभ प्रदान किया जाए।

उन्होंने कहा कि जिन पात्र व्यक्तियों को पूर्व में योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है, उनकी सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक वंचित न रहे। साथ ही शिविर समाप्त होने के बाद संबंधित अधिकारी निकटवर्ती गांवों का भ्रमण कर सभी पात्र व्यक्तियों के आवेदन पत्र भरवाना सुनिश्चित करें। लक्ष्य यह रखा जाए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत का हर पात्र नागरिक सरकार की सभी योजनाओं से पूर्णतः लाभान्वित हो सके।

सीडीओ ने सभी खंड विकास अधिकारियों को प्रत्येक ग्राम पंचायत में अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि खंड स्तर पर सूचनाओं का संकलन संबंधित खंड विकास अधिकारी तथा जनपद स्तर पर जिला विकास अधिकारी द्वारा किया जाएगा। जनपद में न्याय पंचायतों की अधिक संख्या को देखते हुए यह शिविर 18 मार्च, 2026 तक आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने निर्देश दिए कि जिन लोगों का अब तक यूसीसी में पंजीकरण नहीं हुआ है, उनके पंजीकरण के लिए बाल विकास, शिक्षा एवं पंचायतीराज विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने शिविरों के दौरान भूकंप से संबंधित जागरूकता के लिए भूदेव एप इंस्टॉल कराने पर भी जोर दिया। साथ ही जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, अपर मुख्य कार्याधिकारी भावना रावत, जिला शिक्षा अधिकारी रणजीत सिंह नेगी, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *