पौड़ी

जिला स्तरीय बैंकर्स बैठक में ऋण व योजनाओं की प्रगति पर जोर

पौड़ी। बैंकर्स की जिला स्तरीय सलाहकार एवं समीक्षा समिति (डीएलआरसी/डीसीसी) की बैठक सोमवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बैंकर्स को निर्देश दिए कि विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं बैंक शाखा प्रबंधकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन आवेदकों के दस्तावेज अपूर्ण हैं, उनसे आवश्यक दस्तावेज शीघ्र प्राप्त कर प्रक्रिया पूर्ण की जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत निर्धारित वार्षिक लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही बैंक अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत उपलब्ध ऋण सुविधाओं की जानकारी दी जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग स्वरोजगार एवं आजीविका से जुड़ सकें।

बैठक में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के वार्षिक लक्ष्य की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने बैंक एवं रेखीय विभागों के अधिकारियों को लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन बैंकों की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाई गई, उन्हें कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा नाबार्ड एवं आरसेटी द्वारा जनपद में संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई। आरसेटी निदेशक ने जानकारी दी कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आचार, पापड़, अगरबत्ती, फास्ट फूड सहित विभिन्न गतिविधियों में प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। अब तक 263 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिन्होंने अपना कार्य भी प्रारंभ कर दिया है।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों एवं बैंक अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध ऋण स्वीकृति तथा लाभार्थियों तक योजनाओं की सुगम एवं समय पर पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, लीड बैंक अधिकारी मीनाक्षी शुक्ला, मुख्य प्रबंधक एसबीआई अवतार सिंह कंडारी, बैंक प्रबंधक एचडीएफसी प्रदीप राणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *