पौड़ी

राष्ट्रीय हस्तशिल्प सप्ताह के तहत बांस एवं रेशा प्रशिक्षण केंद्र पनियाली में दो माह का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

पौड़ी/कोटद्वार। जनपद पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार स्थित उत्तराखंड बांस एवं रेशा प्रशिक्षण केंद्र, पनियाली में राष्ट्रीय हस्तशिल्प सप्ताह के अंतर्गत 20 प्रशिक्षणार्थियों का दो माह का प्रशिक्षण कार्यक्रम आज से प्रारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम भारत सरकार द्वारा उत्तराखंड हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद को सीएचसीडीएस (व्यापक हस्तशिल्प क्लस्टर विकास योजना) के अंतर्गत स्वीकृत है, जिसका संचालन जिला उद्योग विभाग द्वारा किया जा रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधान सभा अध्यक्षा एवं क्षेत्रीय विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिया गया ‘वोकल फॉर लोकल’ का संकल्प ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से धरातल पर उतर रहा है। इस प्रशिक्षण से महिलाओं और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे तथा वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण कुटीर और लघु उद्योगों के सशक्तिकरण से ही संभव है।

उत्तराखंड हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद के सहायक निदेशक नलिन राय ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विशेष रूप से अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को ध्यान में रखकर संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय संसाधनों – विशेषकर बांस एवं रिंगाल – का उपयोग कर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

प्रशिक्षण अवधि के दौरान 30 से अधिक विभिन्न उत्पाद तैयार किए जाएंगे। साथ ही उत्पादों की मार्केटिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे प्रशिक्षणार्थी प्रशिक्षण के बाद स्वयं का उद्यम स्थापित कर सकें। प्रतिभागियों को प्रशिक्षण अवधि में 300 रुपये प्रतिदिन आने–जाने का भत्ता भी प्रदान किया जाएगा।

कुटीर उद्योग से बड़े उद्यमों तक बनेगा अवसर

जिला उद्योग केंद्र कोटद्वार की प्रबंधक उपासना सिंह ने बताया कि यह प्रशिक्षण उन लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी होगा, जो बांस और रिंगाल आधारित उद्यम स्थापित करना चाहते हैं। प्रशिक्षण से प्राप्त कौशल के आधार पर प्रशिक्षणार्थी कुटीर उद्योग से लेकर बड़े स्तर के उद्योग तक विकसित करने में सक्षम होंगे।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के पश्चात चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में हिस्सा लेने का अवसर भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनके उत्पादों को व्यापक मंच मिल सके।

कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के कार्मिक, अधिकारी और सभी प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *