पौड़ी

अंतर्राष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी दिवस पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित

पौड़ी। अंतर्राष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिला न्यायालय परिसर के सभागार कक्ष में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नालसा थीम “एक मुट्ठी आसमान” के अंतर्गत लोकपाल तथा भ्रष्टाचार विरोधी दिवस से संबंधित लघु वीडियो प्रदर्शित किए गए।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नाजिश कलीम ने बताया कि हर वर्ष 9 दिसंबर को भ्रष्टाचार के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और इस सामाजिक बुराई के विरुद्ध वैश्विक प्रयासों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यह दिवस मनाया जाता है। उन्होंने रिश्वत, गबन, भाई-भतीजावाद सहित भ्रष्टाचार के विभिन्न स्वरूपों तथा उनके दुष्प्रभावों की जानकारी दी।

उन्होंने भारत में लागू प्रमुख कानूनी ढाँचों— भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988, लोकपाल एवं लोकायुक्त अधिनियम 2013, केंद्रीय सतर्कता आयोग तथा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की भूमिका पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। न्यायिक अधिकारियों ने उपस्थित प्रतिभागियों को भ्रष्टाचार से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देने के साथ ही भ्रष्टाचार की किसी भी घटना की सूचना संबंधित विभागों और हेल्पलाइन पर उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

शिविर में बढ़ते साइबर अपराधों और उनकी रोकथाम के उपायों पर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को नालसा की टोल–फ्री हेल्पलाइन 15100 तथा भ्रष्टाचार शिकायतों के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन 1064 के उपयोग के बारे में भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम में लगभग 75 कर्मचारियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शहजाद ए. वाहिद, सीनियर डिवीजन सिविल जज अमित भट्ट, सिविल जज प्रतीक्षा केसरवानी, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रतीक मधेला, मुख्य विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता कमल प्रसाद बमराड़ा, उप रक्षा अधिवक्ता महेश कॉलोनी, सहायक अधिवक्ता विनोद कुमार, रिटेनर अधिवक्ता कुसुम नेगी, तथा जिला अधिवक्ता संघ के सचिव गजेंद्र सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे।

– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *