नमामि गंगे समिति की बैठक आयोजित; जिलाधिकारी ने स्वच्छता कार्यों में गति लाने के दिए निर्देश
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को एनआईसी कक्ष में नमामि गंगे समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागों को स्वच्छ गंगा मिशन से जुड़े कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि पौड़ी में श्रीनगर मार्ग पर लीगेसी वेस्ट निस्तारण के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है। उन्होंने नगर पालिका पौड़ी को तत्काल टेंडर प्रक्रिया शुरू करने और ठोस अपशिष्ट निस्तारण के लिए उपयुक्त भूमि खोजने के निर्देश दिए। इसी क्रम में थलीसैंण में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र हेतु स्वीकृति मिलने पर टेंडर कार्यवाही को तेज करने को भी कहा।
उन्होंने जिला उद्योग विभाग को निर्देशित किया कि सिडकुल क्षेत्र का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी औद्योगिक इकाई नदियों में अपशिष्ट का अवैध निस्तारण न करे।
कोटद्वार सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) पर कार्य शुरू हो चुका है। इस संबंध में जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त कोटद्वार को प्रोजेक्ट मैनेजर गंगा के साथ संयुक्त निरीक्षण कर प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, नगर निगम श्रीनगर को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जिला विकास अधिकारी को कूड़ा संग्रहण प्वाइंट बनाकर नियमित संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर क्षेत्रों के बाहर कूड़ा वाहनों की फ्रिक्वेंसी बढ़ाने और मार्ग निर्धारण कर स्रोत पर कूड़ा पृथक्करण की प्रभावी व्यवस्था बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों को सभी चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों से उत्पन्न अपशिष्ट का वैज्ञानिक और सुरक्षित तरीके से निस्तारण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अब तक की गई कार्यवाही की अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए कहा कि ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन हेतु विभागीय समन्वय को और मजबूत किया जाए। उन्होंने पीएम गंगा एवं संबंधित अधिकारियों को नगर निकायों के प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रम, चालन व्यवस्था, कूड़ा उठाने के टेंडर, कॉम्पेक्टर प्रणाली तथा अन्य सभी कार्य समय पर पूर्ण करने को कहा।
साथ ही स्वजल एवं पंचायतीराज विभाग को कूड़ा निस्तारण से संबंधित लिस्टिंग तैयार करने और जिला पंचायत को नीलकंठ मंदिर क्षेत्र में डंप कूड़े का निरीक्षण कर निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, एसीएमओ डॉ. पारुल गोयल, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, पीएम स्वजल दीपक रावत, जिला पंचायत की मुख्य कार्याधिकारी भावना रावत, नगर पालिका ईओ पौड़ी गायत्री बिष्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
