पौड़ी

नयार घाटी फेस्टिवल की तैयारियों की जिलाधिकारी ने ली समीक्षा बैठक

पौड़ी/सतपुली। नयार नदी घाटी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने, पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के उद्देश्य से आयोजित होने वाले तीन दिवसीय नयार घाटी फेस्टिवल की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में फेस्टिवल में शामिल की जाने वाली प्रमुख गतिविधियों— एमटीवी बाइकिंग, कयाकिंग, पैराग्लाइडिंग, एंगलिंग को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि नयार घाटी क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएँ हैं और इस प्रकार के आयोजनों से क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी। साथ ही युवाओं के लिए नए रोज़गार अवसर भी उपलब्ध होंगे।

जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी पौड़ी और सतपुली को विस्तृत रूपरेखा तैयार करने तथा बच्चों के लिए विशेष साहसिक गतिविधियाँ शामिल करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि—

सभी एडवेंचर गतिविधियाँ केवल प्रमाणित प्रशिक्षकों द्वारा कराई जाएँ।

सुरक्षा की दृष्टि से सेफ्टी ऑडिट अनिवार्य रूप से कराया जाए।

विभागीय समन्वय के साथ तैयारियाँ समय पर पूरी हों।

उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को एंबुलेंस एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु रखने, एआरटीओ को यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने तथा लोनिवि को मार्गों पर झाड़ी कटान के निर्देश दिए।

साथ ही, फेस्टिवल के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया।

जिलाधिकारी ने आयोजन स्थल पर विद्युत, पेयजल, शौचालय एवं साफ–सफाई की मजबूत व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने बताया कि फेस्टिवल में— स्थानीय उत्पादों के आउटलेट, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, मुख्य कोषाधिकारी नमिता सिंह, जिला मत्स्य प्रभारी अभिषेक मिश्रा, जिला पर्यटन एवं विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, एआरटीओ मंगल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *