पौड़ी

राजीव गांधी नवोदय विद्यालय संतूधार की प्रबंधन समिति की बैठक सम्पन्न, भौतिक सुविधाओं के उन्नयन हेतु 10.96 लाख की स्वीकृति

पौड़ी। राजीव गांधी नवोदय विद्यालय संतूधार के सत्र 2025-26 हेतु विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक बुधवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के समग्र विकास एवं विद्यालय की व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

जिलाधिकारी द्वारा पूर्व निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुरूप विद्यालय में कई सुधारीकरण कार्य किए जा चुके हैं। बैठक में उन्होंने विद्यालय की भौतिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर देते हुए कार्यदायी संस्था आरईएस को मेस की मरम्मत, रंग-रोगन, छात्रावास सुधार सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए 10.96 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की तथा कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विद्यालय तक जाने वाली पेयजल लाइन की मरम्मत हेतु जल संस्थान द्वारा प्रस्तुत एस्टीमेट को मंजूरी दी। साथ ही परिसर में आंतरिक पेयजल लाइन की मरम्मत के लिए प्राचार्य मंगल सिंह चौहान को तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य शिक्षाधिकारी नागेंद्र बर्तवाल को विद्युत मरम्मत से संबंधित आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने विद्यालय के आय-व्यय विवरण की समीक्षा की तथा मुख्य शिक्षाधिकारी को विद्यालय का त्वरित निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए।

उन्होंने छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य परीक्षण को प्राथमिकता देते हुए प्रति माह एक स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने तथा विद्यालय वाहन हेतु निदेशालय को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए खेल मैदान के समतलीकरण की कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा गया। साथ ही विद्यार्थियों की सुविधा हेतु विद्यालय में इंटरनेट व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

रिक्त संविदा/आउटसोर्स पदों पर कार्रवाई हेतु जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी को ट्रेजरी से समन्वय कर नियमानुसार कार्यवाही करने को कहा। कार्यरत संविदा कर्मियों को वर्ष में 12 अवकाश स्वीकृत किए गए। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिए गए कि कोई भी कर्मचारी एक साथ अवकाश पर न जाए। विद्यालय परिसर में सोलर लाइट व्यवस्था हेतु उरेड़ा विभाग से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा गया।

रसायन विज्ञान एवं गणित विषय के रिक्त पदों के संदर्भ में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि नियमित नियुक्ति होने तक सप्ताह में दो दिन समीपस्थ विद्यालयों से शिक्षक की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

प्राचार्य ने विद्यालय में आरओ, इनवर्टर और पंखे जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराने हेतु जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने आवश्यक सुविधाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने और मुख्य शिक्षाधिकारी को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

बैठक में आरईएस के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार जोशी, समिति सदस्य जवाहर नवोदय विद्यालय खैरासैंण के प्राचार्य प्रदीप कुमार, विमल ममगाईं, केसर असवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *