पी.एम. श्री केंद्रीय विद्यालय पौड़ी में बाल सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
पौड़ी। जनपद मुख्यालय स्थित पी.एम. श्री केंद्रीय विद्यालय पौड़ी में बाल सुरक्षा, संरक्षण एवं जागरूकता विषय पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों को जुवेनाइल जस्टिस एक्ट 2015, पॉक्सो एक्ट 2012, चाइल्डलाइन 1098, साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग तथा बाल अधिकारों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं।

कार्यक्रम के दौरान जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविन्द कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ केवल पुरस्कार प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में विश्वास और जागरूकता की महत्वपूर्ण पहल हैं। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिभागी छात्र भविष्य में जागरूक, जिम्मेदार और सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले नागरिक बनेंगे।
विशेषज्ञों ने उपस्थित बच्चों को बाल यौन शोषण, बाल विवाह, बाल श्रम, मानव तस्करी, अपराध की पहचान, रिपोर्टिंग प्रक्रियाओं तथा आपातकालीन स्थितियों में चाइल्डलाइन 1098 की भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय में क्विज तथा निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
निबंध प्रतियोगिता के विषय थे:
कक्षा 9–10: “बाल विवाह और भारतीय समाज”, “गरीबी और बाल शिक्षा पर उसका प्रभाव”
कक्षा 11–12: “सोशल मीडिया की भूमिका: बाल दुर्व्यवहार और बाल अधिकार”, “क्या बच्चा घर और स्कूल में सुरक्षित है?”, “मीडिया की भूमिका: बाल अधिकारों की जागरूकता बढ़ाने में”
प्रतियोगिता में विजयी छात्रों को प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्या अनीता बिष्ट, संरक्षण अधिकारी प्रज्ञा नैथानी, अधिकार मित्र बबीता, निशा, मनोज पाल सहित संबंधित अधिकारी एवं विद्यालय कार्मिक उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
