पौड़ी

तीन दिवसीय पौड़ी शरदोत्सव–2025 का भव्य शुभारंभ, सांस्कृतिक विरासत और जनभागीदारी का उत्सव

पौड़ी। नगर पालिका परिषद पौड़ी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय पौड़ी शरदोत्सव–2025 का भव्य शुभारंभ रामलीला मैदान में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत तथा अन्य अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

उद्घाटन अवसर पर नगर के एक दर्जन से अधिक विद्यालयों ने पूरे शहर में मार्चपास्ट निकालते हुए स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक संदेशों पर आधारित आकर्षक झांकियाँ प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम स्थल पर मुख्य अतिथि द्वारा मार्चपास्ट की सलामी ली गई और सभी झांकियों का अवलोकन किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो संदेश के माध्यम से जनपदवासियों को शरदोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उत्सव पौड़ी की सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपरा और सामुदायिक सहभागिता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्य अतिथि एवं मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि जिला प्रशासन सांस्कृतिक संरक्षण और पर्यटन संवर्धन से जुड़े ऐसे आयोजनों को आगे भी पूरा सहयोग देगा। उन्होंने कहा कि शरदोत्सव जैसे मंच बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने यह भी कहा कि सामुदायिक सहयोग से होने वाले ऐसे उत्सव सामाजिक सौहार्द को और मजबूती देते हैं।

नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि पौड़ी शरदोत्सव नगर की सामूहिक ऊर्जा, सृजनशीलता और प्रगतिशील सोच का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका द्वारा शहर के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के कार्यों में जनसहयोग सबसे बड़ा आधार है। उन्होंने कहा कि शरदोत्सव न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देता है, बल्कि नगर के पर्यटन आकर्षण को भी नई पहचान प्रदान करता है।

जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला ने कहा कि शरदोत्सव जैसे सांस्कृतिक आयोजन पूरे जिले को एक सूत्र में पिरोते हैं। उन्होंने कहा कि पर्वतीय संस्कृति, स्थानीय शिल्प, कला और लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन में ऐसे उत्सव अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

नगर पालिका क्षेत्र के विद्यालय—प्राथमिक विद्यालय पौड़ी, नेहरू मॉन्टेसरी, सेंट जेम्स, सरस्वती विद्या मंदिर, हिल्स इंटरनेशनल, डीएवी इंटर कॉलेज, सेंट थॉमस, मैसमोर इंटर कॉलेज, राजमती देवी सरस्वती विद्या मंदिर, गुरु रामराय पब्लिक स्कूल, भगतराम स्कूल, तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज—द्वारा मार्चपास्ट और स्थानीय संस्कृति पर आधारित झांकियों ने कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की। वहीं वार्ड संख्या 3, 5, 8 और 9 द्वारा पर्यावरण संरक्षण, संस्कृति और लोकपरंपराओं पर आधारित प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

उद्घाटन अवसर पर बाल विकास विभाग, एनआरएलएम/एनयूएलएम, भारतीय डाक विभाग, उद्यान विभाग, कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉलों का मुख्य अतिथि द्वारा अवलोकन किया गया। आम नागरिकों ने विभागीय स्टॉलों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और स्थानीय उत्पादों की खरीद में रुचि दिखाई।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, व्यापार सभा अध्यक्ष विनय शर्मा, पत्राचार्य भातखंडे संगीत महाविद्यालय अनिरुद्ध सिंह बिष्ट, मुख्य शिक्षा अधिकारी नागेंद्र बर्तवाल, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष जसपाल सिंह नेगी, राजेंद्र टम्टा, देवेंद्र रावत (सचिव, व्यापार संघ पौड़ी), दिलबर सिंह भंडारी (कोषाध्यक्ष) सहित कई गणमान्य नागरिक, वार्ड सदस्य एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल (DIPR)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *