खिर्सू क्षेत्र में दो दिवसीय बर्ड वॉचिंग कार्यक्रम संपन्न, बच्चों ने जाना पक्षियों की दुनिया का रहस्य
पौड़ी। राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पर्यटन विभाग द्वारा विकासखंड खिर्सू क्षेत्र के आसपास के जंगलों में आयोजित दो दिवसीय बर्ड वॉचिंग कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों एवं स्कूली बच्चों सहित कुल 50 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध बर्ड वॉचर अजय शर्मा ने प्रतिभागियों को विभिन्न पक्षियों की पहचान, उनके आवास (हैबिटेट) और व्यवहार के आधार पर पहचान करने के तरीके बताए। बच्चों ने दूरबीन के माध्यम से पक्षियों को निहारा और उनकी आवाज, रंग व उड़ान शैली को समझने का प्रयास किया। इस दौरान बच्चे अत्यंत उत्साहित नजर आए।
अजय शर्मा ने बताया कि उत्तराखण्ड के जंगल जैव विविधता से परिपूर्ण हैं, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पक्षी प्रेमी आते हैं। यदि स्थानीय लोग पक्षियों की जानकारी प्राप्त करें तो वे आने वाले पर्यटकों को बर्ड वॉचिंग के माध्यम से परिचित कराकर स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।

इस अवसर पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने कहा कि राज्य की प्राकृतिक धरोहरों का संरक्षण एवं संवर्धन सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों और युवाओं में प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ ईको-टूरिज्म और स्थानीय आर्थिक विकास को भी प्रोत्साहन देते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियाँ आयोजित करता रहेगा, जिससे पर्यावरणीय चेतना और पर्यटन विकास को बल मिलेगा।
कार्यक्रम में स्थानीय शिक्षक, छात्र, ग्रामवासी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
