पौड़ी

निदेशक सुशील कुमार ने गढ़वाल मंडल में बीस सूत्री कार्यक्रम एवं विकास कार्यों की समीक्षा की

पौड़ी जनपद की प्रगति पर व्यक्त की संतुष्टि, खिर्सू व आसपास के क्षेत्रों में किए स्थलीय निरीक्षण

पौड़ी। राज्य के निदेशक अर्थ एवं संख्या तथा बीस सूत्री कार्यक्रम के विभागाध्यक्ष सुशील कुमार ने अपने दो दिवसीय गढ़वाल मंडल भ्रमण के दौरान जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय, पौड़ी में गढ़वाल मंडल के विभागीय कार्यों एवं बीस सूत्री कार्यक्रम से संबंधित मदों की समीक्षा बैठक आयोजित की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया।

भ्रमण के प्रथम दिन (गुरुवार) आयोजित बैठक में सांख्यिकीय पत्रिका, जनपद एक दृष्टि, सामाजिक-आर्थिक समीक्षा, राज्य आय आकलन, स्थानीय निकायों के आय-व्यय विवरण, गैर-परिवारिक संस्थाओं के आंकड़े, औद्योगिक उत्पादन सूचकांक एवं वार्षिक उद्योग सर्वेक्षण से संबंधित प्रकाशनों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान जनपद पौड़ी की स्थिति को गढ़वाल मंडल में अग्रणी पाया गया, जिस पर निदेशक ने संतोष और प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आंकड़ों की शुद्धता, पारदर्शिता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बैठक में संयुक्त निदेशक डॉ. दिनेश बडोनी, त्रिलोक सिंह अन्ना, गीतांजलि शर्मा गोयल, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने सहित गढ़वाल मंडल के सभी जनपदों के जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी उपस्थित रहे।

भ्रमण के दूसरे दिन (शुक्रवार) निदेशक सुशील कुमार ने विकासखंड खिर्सू कार्यालय एवं बासा होमस्टे का निरीक्षण किया। तत्पश्चात ग्राम नौगांव एवं चोपड़ा में विभिन्न विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग द्वारा संचालित चोपड़ा–न्याणगढ़–नौगांव मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण कार्य, तथा क्षतिग्रस्त दीवारों के पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

इसके अतिरिक्त उन्होंने बूंखाल कालिंका मंदिर परिसर में पार्किंग निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर संयुक्त निदेशक डॉ. दिनेश बडोनी, त्रिलोक सिंह अन्ना, गीतांजलि शर्मा गोयल (बीस सूत्री कार्यक्रम), जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, अपर सांख्यिकीय अधिकारी रणजीत रावत, वरिष्ठ सहायक दिगम्बर सिंह कठैत तथा खण्ड विकास अधिकारी खिर्सू हरेंद्र कोहली सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *