जुलेड़ी ग्राम पंचायत में समाज कल्याण विभाग का बहुउद्देशीय शिविर आयोजित
विधायक रेनू बिष्ट ने कहा—जनहितकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें, सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में विकासखंड यमकेश्वर की जुलेड़ी ग्राम पंचायत के जूनियर हाईस्कूल देवीखाल में शुक्रवार को समाज कल्याण विभाग द्वारा बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। बताया गया कि इस प्रकार के शिविर जनपद के सभी विकासखंडों में अलग–अलग तिथियों में आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक रेनू बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित में निरंतर कार्य कर रही है। विधायक ने बताया कि जुलेड़ी–धारकोट मोटर मार्ग का डामरीकरण शीघ्र किया जाएगा। सड़क का सर्वे पूरा हो चुका है और छूटे हुए 14 किलोमीटर हिस्से का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। उन्होंने यह भी बताया कि नीलकंठ बायपास मोटर मार्ग के शेष 5 किलोमीटर हिस्से के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है और डामरीकरण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके। उन्होंने मौके पर ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
शिविर में आयोजित आधार कैंप में 25 लोगों ने अपने आधार कार्ड में सुधार करवाया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि शिविर में कमल किशोर और अमर सिंह भंडारी के दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाए गए तथा लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई।
प्रभारी कृषि अधिकारी महक सिंह ने बताया कि किसानों को गेहूं और मसूर के बीजों पर 50 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सिंचाई के लिए टैंक निर्माण और कृषि यंत्र भी सब्सिडी दरों पर उपलब्ध हैं।
उद्यान विभाग के सहायक उद्यान अधिकारी सुमन बिजल्वाण ने बताया कि ग्रामीण 50 और 100 वर्ग मीटर के पॉलीहाउस लगा सकते हैं, जिससे फसलें जंगली जानवरों से सुरक्षित रहती हैं और उत्पादन बढ़ता है।
ग्रामीणों ने जुलेड़ी और आसपास के गांवों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या रखी, जिस पर विधायक ने अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
पशुपालन विभाग की डॉ. सपना बिष्ट ने किसान क्रेडिट कार्ड योजना (KCC) की जानकारी देते हुए बताया कि बद्री गाय पर ₹18,000, दुग्ध देने वाली गाय पर ₹30,000–₹50,000, भैंस पर ₹54,000 और बकरी पर ₹7,000 तक क्रेडिट की सीमा है। केसीसी कार्ड बनवाने पर पशुपालक ₹54,000 तक ऋण का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख यमकेश्वर सीता चौहान, एसडीएम चतर सिंह चौहान, बीडीओ दृष्टि आनंद, तहसीलदार वैभव जोशी, एडीओ पंचायत दिनेश रावत, रवि अरोड़ा, जिला पंचायत सदस्य गीता पयाल, ग्राम प्रधान रजनी देवी, महेश जोशी, महेश प्रताप, विक्रांत, पूरण नेगी, पूनम मिश्रा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
