जिला गंगा समिति की बैठक में स्वच्छता और गंगा संरक्षण पर जोर
मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने दिए कूड़ा प्रबंधन और जनभागीदारी के निर्देश
पौड़ी। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन स्थित वीसी कक्ष में जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंगा स्वच्छता, संरक्षण, जन-जागरूकता और अपशिष्ट प्रबंधन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए सभी निकायों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि कूड़ा वाहनों में जीपीएस सिस्टम नियमित रूप से स्थापित और सक्रिय रखा जाए, ताकि कचरा संग्रहण कार्यों की निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के उभरते बाजारों और कस्बों में सफाई कर्मियों की तैनाती प्राथमिकता से की जाए, ताकि इन क्षेत्रों में भी नगरों जैसी स्वच्छता व्यवस्था कायम रखी जा सके।
सीडीओ ने जिला पंचायत अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकासखंड स्तर पर कॉम्पेक्टरों के संचालन हेतु पर्याप्त मानव संसाधन, तकनीकी सहायता और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने कहा कि गंगा संरक्षण और स्वच्छता अभियानों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि गंगा की अविरलता और निर्मलता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि 4 नवम्बर को प्रस्तावित गंगा उत्सव को जनभागीदारी के साथ भव्य, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय रूप से सार्थक तरीके से मनाया जाएगा। इस अवसर पर गंगा और उसकी सहायक नदियों के घाटों पर दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिकों में गंगा के प्रति श्रद्धा और संरक्षण की भावना को बल मिलेगा।
उन्होंने निर्देश दिया कि गंगा के सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पर्यावरणीय महत्व को जन-जन तक पहुँचाने के लिए विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में वाद-विवाद, निबंध लेखन, पोस्टर व चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं, ताकि नई पीढ़ी में गंगा संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो।
बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिवमोहन शुक्ला, एसडीओ वन विभाग आईशा बिष्ट, पीएम स्वजल दीपक रावत, एडीपीआरओ प्रदीप सुन्दरियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
