राष्ट्रीय एकता दिवस पर पौड़ी में निकली एकता एवं नशामुक्ति पथ यात्रा
कंडोलिया मैदान देशभक्ति के रंग में डूबा, विधायक राजकुमार पोरी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने दिखाई हरी झंडी
पौड़ी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जनपद मुख्यालय पौड़ी के कंडोलिया मैदान में राष्ट्रीय एकता दिवस बड़े उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने एकता एवं नशामुक्ति पथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

भव्य पथ यात्रा में विभिन्न विभागों के अधिकारी–कर्मचारी, विद्यालयों के छात्र–छात्राएं, स्वयंसेवी संगठन और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कंडोलिया मैदान से आरंभ होकर टेका मार्ग तक पहुँची यह विशाल पदयात्रा राष्ट्रीय एकता, नशामुक्ति और आत्मनिर्भर भारत का सशक्त संदेश देती हुई पुनः कंडोलिया मैदान में संपन्न हुई।
पूरी यात्रा के दौरान “सरदार वल्लभभाई पटेल अमर रहें”, “एक भारत श्रेष्ठ भारत”, “नशामुक्त भारत” और “आत्मनिर्भर संकल्प भारत” के नारे गूंजते रहे। बच्चों और युवाओं ने तिरंगा, बैनर व तख्तियाँ थामे एकता का संदेश दिया। जोश और ऊर्जा से भरा माहौल कंडोलिया से टेका मार्ग तक देशभक्ति के रंग में रंग गया।
विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि नशा समाज की जड़ें कमजोर कर रहा है, हमें एकजुट होकर इस बुराई को समाप्त करना होगा। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। कहा कि सरदार पटेल की एकता और दृढ़ता आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि युवा आत्मनिर्भर बनकर सरदार पटेल की एकता की भावना को आगे बढ़ाएं। उन्होंने सभी को आत्मनिर्भर संकल्प भारत की शपथ दिलाई और कहा कि हर व्यक्ति अपने क्षेत्र में योगदान देगा तो देश आत्मनिर्भर और सशक्त बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान विधायक एवं जिलाधिकारी ने ब्लॉक स्तरीय युवा महोत्सव के विजेताओं को सम्मानित किया।
भाषण प्रतियोगिता: कविता (प्रथम), मैथिली सिंह (द्वितीय), संजना (तृतीय)
कहानी प्रतियोगिता: गुनगुन (प्रथम), मीनाक्षी रावत (द्वितीय), अभिनव डोभाल (तृतीय)
कविता प्रतियोगिता: प्रीति नेगी (प्रथम), आकृति बिष्ट (द्वितीय), दिव्यांशु कोहली (तृतीय)
चित्रकला प्रतियोगिता: आस्था कंडारी (प्रथम), मीनाक्षी (द्वितीय), खुशबू मंद्रवाल (तृतीय)
भाषण प्रतियोगिता (द्वितीय समूह): ऐश्वर्या नौटियाल (प्रथम), प्रियांशी (द्वितीय), काकुल नेगी (तृतीय)
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों व कार्मिकों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। इसी क्रम में जनपद के सभी विभागों में विभागाध्यक्षों द्वारा अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला उद्यान अधिकारी राजेश तिवारी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह दुबड़िया, जिला युवा कल्याण अधिकारी रविन्द्र फोनिया, खेल अधिकारी जयबीर रावत सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
