पौड़ी

बैकुंठ चतुर्दशी मेले की तैयारियों की समीक्षा, मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मेले को भव्य व सुरक्षित बनाने के दिए निर्देश

पौड़ी। कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को नगर निगम श्रीनगर में आगामी 4 से 13 नवंबर तक आयोजित होने वाले बैकुंठ चतुर्दशी मेले की तैयारियों की समीक्षा बैठक ली। मंत्री ने विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मेले को भव्य, सुरक्षित और आकर्षक बनाने के निर्देश दिये।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की सांस्कृतिक पहचान है, जो इस वर्ष नगर निगम के तत्वाधान में पहली बार आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वित प्रयासों से यह सुनिश्चित करें कि यह आयोजन न केवल प्रदेश में, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर श्रीनगर की पहचान को सशक्त बनाए।

बैठक के दौरान मंत्री ने ट्रैफिक प्लान, स्टार नाइट, कलश यात्रा और महिला सुरक्षा की तैयारियों को लेकर पुलिस विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को मेले में लगाए जाने वाले झूलों व अन्य संरचनाओं का सेफ्टी ऑडिट करने के निर्देश दिये ताकि आगंतुकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को मेले में स्वास्थ्य शिविर और एम्बुलेंस व्यवस्था सुनिश्चित करने, जल संस्थान को तीन स्टैंड पोस्ट और टैंकरों की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा विद्युत विभाग को गढ़वाल विश्वविद्यालय से मंदिर गेट तक विशेष लाइटिंग और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

इसके साथ ही परिवहन विभाग को कीर्तिनगर, श्रीकोट और धारीदेवी से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए लोकल वाहनों की आवाजाही बढ़ाने के निर्देश दिये गये। मंत्री ने कहा कि श्रीनगर शहर की परिवहन असुविधा को दूर करने के लिए तीन माह के भीतर पाँच ई-रिक्शा और दो नगर बसें उपलब्ध करायी जाएंगी।

महापौर नगर निगम श्रीनगर आरती भंडारी ने मेले की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि श्रीनगर बाजार को विशेष लाइटिंग और सजावट से आकर्षक बनाया जाएगा। मेले में “पहाड़ी फैशन शो” जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे, जिनका उद्देश्य पहाड़ी परिधानों को प्रोत्साहित करना है। इसके अलावा, महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा, जिसके लिए रामलीला मैदान को स्थल के रूप में निर्धारित किया गया है।

बैठक में नगर आयुक्त नूपूर वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक अनुज कुमार, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल नेगी, खंड शिक्षा अधिकारी अश्विनी रावत, पार्षदगण एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *