पौड़ी

ग्राम पंचायत कंडी में खुली बैठक, जिलाधिकारी ने ग्रामीण आजीविका व आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर दिया जोर

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में विकासखंड पौड़ी की ग्राम पंचायत कंडी में ग्राम पंचायत विकास योजना के अंतर्गत खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु कार्ययोजना का एजेंडा प्रस्तुत किया गया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक त्वरित रूप से पहुँचाना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम स्तर पर आजीविका, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।

जिलाधिकारी ने जिला पंचायती राज अधिकारी को निर्देशित किया कि पंचायत भवन में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एवं क्षेत्रीय पटवारी का नाम व फोन नंबर अनिवार्य रूप से अंकित किया जाए। साथ ही उद्यान विभाग को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत में पौध वितरण संबंधी सूचना बोर्ड लगाया जाए, जिस पर यह उल्लेखित हो कि कौन सी पौध किस माह में वितरित की जाएगी।

उन्होंने महिलाओं से संवाद करते हुए ग्राम कंडी को डेयरी क्लस्टर के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही बाल विकास विभाग को नंदा गौरा योजना के लाभार्थियों के दस्तावेज पूरे कर त्वरित लाभ देने के निर्देश दिए।

बैठक में ग्रामीणों ने सड़क मार्ग की मरम्मत, नियमित बस सेवा संचालन और गांव के पैदल मार्गों की दुरुस्ती जैसी समस्याएं रखीं, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। अतः सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि योग्य पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का पूर्ण लाभ मिले।

बैठक में खंड विकास अधिकारी, समाज कल्याण, पंचायती राज, महिला सशक्तिकरण, बाल विकास, उद्यान एवं डेयरी विभाग के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी साझा की तथा मौके पर ही योग्य लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।

बैठक के बाद जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चरधार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थिति पंजिका, अवकाश पंजिका, निरीक्षण पंजिका सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया और संबंधित शिक्षक को सभी कार्यों का नियमित अभिलेखीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विद्यालय के कक्षा-कक्षों, मिड-डे मील किचन, स्टोर एवं खेल कक्ष का निरीक्षण किया। मिड-डे मील मेन्यू के अनुसार सब्जी न बनने पर उन्होंने नाराज़गी जताई और मेन्यू को विद्यालय में प्रदर्शित कर उसी अनुसार भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही फोर्टिफाइड मिल्क की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण में पाई गई त्रुटियों पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को एक सप्ताह में अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बच्चों के बनाए चित्रों व निबंधों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा विद्यालय में लघु मरम्मत कार्यों की सूची बोर्ड पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए ताकि निगरानी सुगम हो सके।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान सुरेश लाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार, खंड विकास अधिकारी धर्मपाल, सहायक समाज कल्याण अधिकारी राहुल राणा, उद्यान पर्यवेक्षक प्रियंका जोशी, बाल विकास विभाग से सुषमा रावत, स्थानीय ग्रामीण तथा विद्यालय के सहायक अध्यापक गिरीश सिंह नेगी आदि उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *