उत्तराखंड आइडल सिंगिंग प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में मनदीप सिंह बने विजेता
नई दिल्ली। उत्तराखंड आइडल सिंगिंग कंपटीशन का ग्रैंड फिनाले 14 अक्टूबर को तालकटोरा स्टेडियम, नई दिल्ली में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस प्रतियोगिता का आयोजन आरएस मीडिया के तत्वावधान में किया गया, जिसके संचालक चंदन सिंह एवं बृजेश भंडारी हैं।

कार्यक्रम में निर्णायक मंडल में मधु बेरिया शाह, सतेन्द्र एवं कुसुम भट्ट शामिल रहे, जबकि संगीत संयोजन की जिम्मेदारी दीपक सिंह एवं उनकी टीम ने निभाई।
पौड़ी गढ़वाल जनपद के ब्लॉक द्वारीखाल, ग्राम बड़ेथ (पोस्ट सिलोगी) निवासी मनदीप सिंह, पुत्र श्री बलदेव सिंह एवं श्रीमती कमला देवी, ने इस मंच पर अपनी उत्कृष्ट गायकी से सभी का मन मोह लिया। सीमित संसाधनों और विषम परिस्थितियों के बावजूद मनदीप सिंह ने अपनी लगन, मेहनत और प्रतिभा के बल पर उत्तराखंडी संगीत को नई पहचान दिलाई।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मनदीप सिंह ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। उनकी प्रस्तुति को निर्णायकों एवं दर्शकों ने भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए प्रदेश की उभरती हुई गायकी प्रतिभा बताया।
