मेडिकल कॉलेज, श्रीनगर में सफाई कर्मचारियों की समस्याओं पर जिला स्तरीय बैठक आयोजित
श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त) भगवत प्रसाद मकवाना की अध्यक्षता में मेडिकल कॉलेज सभागार, श्रीनगर में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निकाय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सफाई कर्मचारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान सफाई कर्मचारियों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई और कई मुद्दों का समाधान मौके पर ही किया गया। उपाध्यक्ष मकवाना ने सफाई कर्मचारियों को बीमा योजनाओं, शैक्षिक ऋण और स्वरोजगार ऋण से संबंधित जानकारी प्रदान की।
उन्होंने मैन्युअल स्कैवेंजर एक्ट-2013 की जानकारी देते हुए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य एवं केंद्र सरकार की स्वच्छकार समुदाय योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। मकवाना ने सभी नगर निकायों को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन, उच्च गुणवत्ता की वर्दी, उपकरण और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा सुनिश्चित की जाए।
विशेष रूप से सीवर लाइनों में कार्यरत कर्मचारियों को सेफ्टी किट प्रदान करने और प्रशिक्षण देने पर बल दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि पर्यावरण मित्रों के लिए नियमित हेल्थ कैंप आयोजित किए जाएं और उन्हें आयुष्मान कार्ड सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी दी जाए।
मकवाना ने मैला ढोने की प्रथा समाप्त करने और पर्यावरण मित्रों को संबंधित योजनाओं से जोड़ने, ठेकेदारों के लंबित भुगतान शीघ्र निस्तारित करने पर भी जोर दिया। साथ ही, समाज कल्याण विभाग को निर्देशित किया गया कि वाल्मीकि एवं मलिन बस्तियों में नियमित शिविर आयोजित कर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए।
बैठक के दौरान उपाध्यक्ष ने बेस चिकित्सालय श्रीनगर के पर्यावरण मित्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी शैलेंद्र पांडे, सहायक नगर आयुक्त श्रीनगर रविराज बंगारी, ईओ नगर पालिका पौड़ी गायत्री बिष्ट, ईओ थलीसैंण दीपक प्रताप, ईओ सतपुली पूनम, सहायक समाज कल्याण अधिकारी पंकज मैंदोली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
