कोटद्वार

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने किया कोटद्वार क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण

पौड़ी गढ़वाल। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने मंगलवार को कोटद्वार क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं, मतदाता सूची के सत्यापन कार्य और बूथ स्तर के अधिकारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनावी तैयारियों की नियमित निगरानी और प्रत्येक स्तर पर निरीक्षण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज, कोटद्वार स्थित चार मतदान केंद्रों और आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज में बने तीन मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से मतदाता सूची से संबंधित जानकारी प्राप्त की और कहा कि वर्तमान में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को गंभीरता और पारदर्शिता के साथ संपन्न किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से न छूटे और जिन नागरिकों के नाम अभी सूची में दर्ज नहीं हैं, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत शीघ्र जोड़ा जाए।

निरीक्षण के दौरान डॉ. जोगदंडे ने उप जिलाधिकारी कोटद्वार को निर्देश दिए कि बीएलओ और सुपरवाइजरों को प्रत्येक माह प्रशिक्षण प्रदान किया जाए ताकि वे चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों और तकनीकी प्रक्रियाओं से पूर्णतः अवगत रहें। उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर पर समय-समय पर निरीक्षण कर समस्याओं का समाधान समय रहते किया जाए।

उन्होंने मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष बल दिया। कहा कि जिन केंद्रों में मरम्मत, पेयजल या विद्युत व्यवस्था से संबंधित समस्याएं हैं, उन्हें तत्काल ठीक किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि चुनाव से पूर्व सभी मतदान केंद्रों को सुविधायुक्त, स्वच्छ और सुलभ बनाया जाए, जिससे मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह भी कहा कि मतदान केंद्रों पर रैम्प, शौचालय, छायादार स्थान और बैठने की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं को सहज मतदान अनुभव मिल सके।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी शालिनी मौर्य, तहसीलदार साक्षी उपाध्याय, सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *