अपर सचिव आयुष शिक्षा विभाग ने किया कोटद्वार क्षेत्र के आयुष अस्पतालों का निरीक्षण
पौड़ी गढ़वाल। अपर सचिव आयुष शिक्षा विभाग एवं निदेशक डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने मंगलवार को कोटद्वार क्षेत्र में निर्माणाधीन 50 बेड के हल्दूखाता आयुष अस्पताल तथा 10 बेड के सिंबलचौड़ अस्पताल में चल रहे मरम्मत एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था पेयजल निगम को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि स्थानीय नागरिकों को शीघ्र ही बेहतर आयुष स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
डॉ. जोगदंडे ने हल्दूखाता अस्पताल की इमारत, बाहरी परिसर और अधोसंरचना का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर के बाहर वर्षा जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार का जलभराव न होने पाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल निर्माण में उपयोग हो रही निर्माण सामग्रियों की सैंपलिंग की जाए, ताकि गुणवत्ता में कोई कमी न रहे।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आयुष अस्पतालों के निर्माण कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तकनीकी पहलुओं की नियमित जांच के साथ पूरे हों।

इसके बाद उन्होंने सिंबलचौड़ स्थित 10 बेड के अस्पताल में चल रहे मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने पेयजल निगम के अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों के संचालन में विलंब से जनता को नुकसान होता है, इसलिए समयबद्धता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कोटद्वार शालिनी मौर्य, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी शैलेंद्र पांडेय, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम वीरेंद्र भट्ट, तहसीलदार साक्षी उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल।
