पौड़ी

जिला परियोजना समिति की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने दिए गुणवत्ता आधारित कार्य के निर्देश

पौड़ी गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को समग्र शिक्षा एवं प्रधानमंत्री पोषण जिला परियोजना समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने और गुणवत्ता एवं पारदर्शिता आधारित कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा, पोषण और विद्यालयी ढांचे से जुड़ी योजनाओं में परिणाम आधारित कार्यवाही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी से योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और कहा कि समावेशी शिक्षा के तहत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान गंभीरता से की जाए। इसके लिए विशेष शिक्षक विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करें और पात्र बच्चों को छात्रवृत्ति का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, त्रिपालीसैंण की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा दिया जाए ताकि विद्यार्थी रोजगारोन्मुख शिक्षा से जुड़ सकें। साथ ही वर्चुअल लैबों का नियमित संचालन, उपकरणों का रखरखाव और प्रयोगात्मक कक्षाओं की निरंतरता पर बल दिया।

निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए और किसी भी कार्य में डुप्लीकेसी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालयों में बच्चों के लिए तैयार भोजन के मेन्यू, बर्तनों की स्वच्छता, गैस की स्थिति और भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि खराब गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री बच्चों तक न पहुंचे। साथ ही बीआरसी और सीआरसी स्तर पर आयरन व एल्बेंडाजोल दवाओं की एक्सपायरी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को समय से उपलब्ध कराने को कहा।

उन्होंने विद्यालयों में किचन गार्डन विकसित करने के निर्देश देते हुए कहा कि स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार प्रत्येक विद्यालय में पौष्टिक सब्जियां उगाई जाएं, ताकि बच्चों को पोषण के साथ पौधरोपण का व्यावहारिक ज्ञान भी मिल सके।

पूर्व निरीक्षण के क्रम में राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, संतूधार के लिए अनटाइड फंड से 2.5 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की गई थी। जिलाधिकारी ने इन उपकरणों की शीघ्र खरीद के निर्देश दिए।

उन्होंने आपदा प्रभावित विद्यालयों के भवनों की स्थिति की समीक्षा कर तत्काल मरम्मत कार्य कराने और भूमि हस्तांतरण से जुड़े लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सभी विद्यालयों में क्रीड़ा सुविधाएं, बिजली, पानी और मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने कड़ी चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्य शिक्षा अधिकारी नागेंद्र बर्त्वाल ने बताया कि जनपद में 1335 प्राथमिक विद्यालय, 252 उच्च प्राथमिक विद्यालय और 302 हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेज संचालित हैं। उन्होंने बताया कि विभाग के अंतर्गत समग्र शिक्षा अभियान, पीएम श्री योजना और पीएम पोषण योजना के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों के समग्र विकास के प्रयास किए जा रहे हैं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण वर्मा, कोषाधिकारी अमर्त्य विक्रम सिंह, सभी खंड शिक्षा अधिकारी तथा अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क  विभाग, पौड़ी गढ़वाल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *