सहकारिता मेले में किसानों को मिला ब्याजमुक्त ऋण
*कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल एवं सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया वितरण*
श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के उपलक्ष्य में आवास विकास मैदान, श्रीनगर में आयोजित नौ दिवसीय सहकारिता मेला रविवार को किसानों और महिला समूहों की उत्साही भागीदारी से जीवंत रहा। मेले में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत उपस्थित रहे।

इस अवसर पर दोनों मंत्रियों द्वारा जिले के 156 किसानों को 2 करोड़ 21 लाख 50 हजार रुपये का ब्याजमुक्त ऋण वितरित किया गया। यह ऋण पंडित दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के अंतर्गत प्रदान किया गया।
रिखणीखाल ब्लॉक के 55 किसानों को 79 लाख रुपये,
नैनीडांडा ब्लॉक के 61 किसानों को 84 लाख 50 हजार रुपये,
तथा बीरोंखाल ब्लॉक के 40 किसानों को 58 लाख रुपये की धनराशि वितरित की गई।
इस योजना से लघु एवं सीमांत कृषकों के आर्थिक सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है।
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सहकारिता और कृषि विभाग के संयुक्त प्रयासों से आज प्रदेश का किसान आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व में उत्तराखंड का सहकारी मॉडल देशभर में उदाहरण बन रहा है। उन्होंने सहकारिता मेलों की पहल को सराहते हुए कहा कि ये मेले किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रहे हैं।
सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सहकारिता मेलों के माध्यम से किसानों और महिला समूहों को अपने उत्पाद बेचने तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार लघु एवं सीमांत किसानों को एक लाख रुपये तक ब्याजमुक्त फसली ऋण तथा पशुपालन और मशरूम उत्पादन हेतु 1.60 से 5 लाख रुपये तक ब्याज रहित ऋण उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि मिलेट्स मिशन योजना के तहत सहकारी समितियाँ किसानों से मंडुवा 4,886 रुपये प्रति क्विंटल की दर से क्रय कर रही हैं, जिससे किसानों को फसल का उचित मूल्य मिल रहा है और पर्वतीय कृषि परंपरा को पुनर्जीवित करने में मदद मिल रही है।
मेले के सांस्कृतिक सत्र में लोकगायिका हेमा नेगी करासी के गीतों ने वातावरण को लोक रंगों से भर दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इफको अध्यक्ष दिलीप संघाणी और विशिष्ट अतिथि के रूप में सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत उपस्थित रहे। आर.सी. मेमोरियल उफल्डा पब्लिक स्कूल के बैंड प्रदर्शन से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसके लिए छात्रों को ₹2100 की पुरस्कार राशि भेंट की गई।
अपने संबोधन में दिलीप संघाणी ने कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में उत्तराखंड आज देश के लिए मिसाल बन गया है। उन्होंने डॉ. धन सिंह रावत की पहल की सराहना करते हुए कहा कि राज्य की ऑर्गेनिक खेती धरती मां के प्रति सच्ची श्रद्धा का प्रतीक है।
इस अवसर पर विधायक लैंसडाउन महंत दिलीप रावत, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, अपर निबंधक सहकारिता आनंद शुक्ल, महाप्रबंधक सहकारी बैंक पौड़ी संजय रावत, मेला संयोजक मातवर सिंह रावत, संपत सिंह रावत, उमेश त्रिपाठी, महावीर कुकरेती, नरेंद्र सिंह रावत, मनोज पटवाल सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, महिला समूह और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
