पौड़ी

राहु मंदिर पैठाणी के जीर्णोद्धार एवं मास्टर प्लान को लेकर बैठक आयोजित

पौड़ी। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में राहु मंदिर, पैठाणी के जीर्णोद्धार एवं मास्टर प्लान के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग, पौड़ी द्वारा मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्यों से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया गया।

कैबिनेट मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि राहु मंदिर पैठाणी धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है, इसलिए इसके विकास कार्यों को योजना बद्ध और सौंदर्यपूर्ण ढंग से संपादित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि पार्किंग व्यवस्था सुदृढ़ की जाए, धर्मशाला का निर्माण गढ़वाली स्थापत्य शैली में किया जाए, तथा मंदिर शिला के परिक्रमा पथ एवं संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।

मंत्री ने क्षेत्र में गेस्ट हाउस, हेलीपैड, घाट एवं पार्किंग स्थलों के निर्माण हेतु आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्य द्वार पर संकेतक बोर्ड स्थापित किया जाए, जिसमें राहु मंदिर का ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विवरण अंकित हो। साथ ही, मंदिर से संबंधित समस्त गतिविधियों के सुव्यवस्थित संचालन पर बल दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंदिर के सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि मंदिर की पौराणिकता और ऐतिहासिक महत्व को अक्षुण्ण रखते हुए इसे विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए वेटिंग हॉल, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, डिजिटल डिस्प्ले, प्याऊ, विश्राम स्थल और भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। साथ ही मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग के शीघ्र निर्माण के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत सदस्य शिवचरण नौडियाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग सुनील जोशी, जिला खनन अधिकारी राहुल नेगी, पूर्व अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक नरेंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *