पौड़ी

जिलाधिकारी ने राजस्व संवर्द्धन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक ली, विभागों को समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति के निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बुधवार को एनआईसी कक्ष में राजस्व संवर्द्धन एवं अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की। उन्होंने वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष विभागों द्वारा की जा रही वसूली की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में परिवहन विभाग द्वारा चालू वित्तीय वर्ष में किए गए प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने विभाग को कार्यों में और गति लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने वन विभाग को निर्धारित राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग से संबंधित मीटर रीडिंग शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जनपद के सभी मीटर रीडरों की सूची तैयार कर प्रस्तुत की जाए। साथ ही जिन ठेकेदारों या संस्थाओं पर अनियमितताओं के चलते पेनाल्टी कार्यवाही की गई है, उसका पूरा ब्यौरा प्रस्तुत किया जाए।

आबकारी विभाग को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिनकी गत माहों की प्रतिभूतियाँ जमा नहीं हुई हैं, उन्हें तत्काल जमा कराया जाए और इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही उन्होंने राज्य कर श्रीनगर कार्यालय को लक्ष्यों के पुनर्निर्धारण से संबंधित पत्राचार की जानकारी से अवगत कराने के भी निर्देश दिए।

भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 30 छापेमारी की गई हैं। वहीं जिला निबंधक कार्यालय द्वारा सितंबर माह तक 4,367 लेखपत्रों के माध्यम से ₹19 करोड़ 14 लाख 52 हजार रुपये का स्टाम्प एवं निबंधन शुल्क प्राप्त किया गया है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आगामी बैठकों में नगर निकायों, जिला पंचायत और जिला विकास प्राधिकरण की अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति करें, राजस्व संवर्द्धन से जुड़ी गतिविधियों पर निरंतर निगरानी और पारदर्शिता बनाए रखें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, जिला आबकारी अधिकारी तपन पांडे, सहायक आयुक्त राज्य कर श्रीनगर चंचल चौहान, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड श्रीनगर सचिन शर्मा, एसडीओ वन विभाग लक्की शाह, एआरटीओ मंगल सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *