पौड़ी ब्लॉक में प्रथम क्षेत्र पंचायत बैठक संपन्न, डीएम ने विभागों को पारदर्शी कार्य प्रणाली अपनाने के दिए निर्देश
पौड़ी। विकासखंड पौड़ी के सभागार में बुधवार को प्रथम क्षेत्र पंचायत बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने सभी विभागों को जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से समन्वय स्थापित कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने की। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है, ताकि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को योजनाओं की पूर्ण जानकारी होनी चाहिए ताकि वे आमजन को जागरूक कर अधिकतम लाभ दिला सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता और शासन-प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। अधिकारी और जनप्रतिनिधि यदि समन्वय के साथ कार्य करें तो विकास कार्यों की गति स्वतः ही तेज होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी बीडीसी बैठकों में विभागीय योजनाओं से संबंधित ब्रॉशर और प्रचार सामग्री जनप्रतिनिधियों में वितरित की जाए। साथ ही पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।
जनप्रतिनिधियों द्वारा खाद्यान वितरण, पेंशन प्रकरणों तथा ग्राम स्वच्छता समिति के व्यय में पारदर्शिता को लेकर उठाए गए मुद्दों पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत स्तर पर आवश्यक कार्यों के लिए सर्वे एवं अनुमान तैयार करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसके उपरांत “स्वच्छता ही सेवा” पखवाड़े के अंतर्गत स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों को जिलाधिकारी ने सम्मानित भी किया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिवमोहन शुक्ला, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, खण्ड विकास अधिकारी सौरभ हांडा, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वी.के. यादव, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला उद्यान अधिकारी राजेश तिवारी, ज्येष्ठ उप प्रमुख अर्चना तोपवाल, कनिष्ठ उप प्रमुख नीरज पटवाल सहित क्षेत्र पंचायत सदस्य, प्रधानगण व अधिकारीगण उपस्थित रहे।
