पौड़ी

जनपद पौड़ी गढ़वाल में खेल प्रतिभाओं को नयी दिशा — जिला खेल कार्यालय ने शुरू की कॉन्ट्रैक्ट खेल प्रशिक्षकों के चयन की प्रक्रिया

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशों पर जिला खेल कार्यालय द्वारा जनपद में कॉन्ट्रैक्ट खेल प्रशिक्षकों के चयन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। पूर्व में चयनित प्रशिक्षकों की अन्य स्थानों पर तैनाती होने के कारण अब यह अवसर योग्य और नए प्रशिक्षकों के लिए उपलब्ध कराया गया है।

इस पहल के अंतर्गत—

कण्डोलिया इंडोर स्टेडियम (पौड़ी) के लिए बैडमिंटन प्रशिक्षक,

कण्डोलिया मैदान के लिए क्रिकेट प्रशिक्षक,

श्रीनगर के श्रीकोट गंगनाली स्टेडियम के लिए एथलेटिक्स, फुटबॉल और क्रिकेट प्रशिक्षक,

तथा कोटद्वार स्पोर्ट्स स्टेडियम के लिए टेबल टेनिस प्रशिक्षक का चयन किया जाएगा।

प्रशिक्षकों की नियुक्ति से जिले के खिलाड़ियों को तकनीकी मार्गदर्शन और पेशेवर प्रशिक्षण प्राप्त होगा, जिससे वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि “पौड़ी जनपद में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है उन्हें उचित अवसर और सही मार्गदर्शन देने की। प्रशिक्षकों का यह चयन स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करेगा।”

उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि पौड़ी जनपद के खिलाड़ी उत्तराखण्ड की खेल पहचान को नई ऊँचाई प्रदान करें।

जिला खेल अधिकारी जयबीर रावत ने बताया कि यह पहल केवल खिलाड़ियों को पेशेवर प्रशिक्षण देने तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने का सशक्त प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *