पौड़ी

जनपद की सड़कों का उपजिलाधिकारियों ने किया निरीक्षण, गड्ढामुक्त करने के दिए निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जनपद के सभी उपजिलाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग एवं पीएमजीएसवाई द्वारा निर्मित सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत उपजिलाधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए कि कार्यों में तेजी लाकर तय समय सीमा में सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए।

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कार्य प्रगति पर पाया गया, जबकि कुछ मार्गों पर कार्य अभी प्रारंभ नहीं हुआ था। इस पर उपजिलाधिकारियों ने अभियंताओं को तत्काल गति लाने के निर्देश दिए। संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने बुआखाल–पौड़ी, घुड़दौड़ी–देवप्रयाग और गजा–जाजल मार्ग का जायज़ा लिया, जबकि उपजिलाधिकारी श्रीनगर ने खिर्सू–खेड़ाखाल तथा पौड़ी–देहलचौरी मार्ग का निरीक्षण किया। इसी प्रकार जनपद के अन्य उपजिलाधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की सड़कों का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने बताया कि मा. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार जिन मार्गों पर पैचवर्क कार्य होना है, उनका निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़कों की खराब स्थिति आमजन की परेशानी का कारण है, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने बताया कि सभी सड़कों पर पैचवर्क का कार्य शुरू कर दिया गया है। गड्ढों को भरने, सड़क की सतह को समतल करने और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है। कई स्थानों पर मशीनरी और श्रमिक तैनात किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि जहां कार्य प्रारंभ हो चुका है वहां गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान यदि गुणवत्ता उचित नहीं पाई जाती है, तो दुबारा कार्य करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पैचवर्क इस प्रकार किया जाए कि आगामी बरसात में भी सड़कें सुरक्षित और मजबूत बनी रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *