शहीद सम्मान यात्रा के तहत पाबौ ब्लॉक के तीन गांवों से मिट्टी संग्रहित
पौड़ी। शहीद सम्मान यात्रा के अंतर्गत जिला सैनिक कल्याण विभाग पौड़ी द्वारा आज विकासखंड पाबौ के तीन गांवों से शहीदों के आंगन से मिट्टी संग्रहित की गई। यह मिट्टी 5 अक्टूबर को लैंसडाउन कैंट में आयोजित होने वाले शहीद सम्मान समारोह में सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखी जाएगी, जिसके बाद इसे सैन्य धाम निर्माण हेतु देहरादून भेजा जाएगा।

सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर (रि.) करन सिंह रावत ने बताया कि पहले चरण में वर्ष 2021 में शहीदों के आंगन से लायी गयी मिट्टी को सैन्य धाम भेजा जा चुका है। दूसरे चरण में आज सलाना गांव से शहीद राम सिंह, धारकोट से शहीद विपिन गुसाईं और बिसल्ड से शहीद भूपेंद्र सिंह के आंगन से मिट्टी संग्रहीत की गई। उन्होंने कहा कि यह मिट्टी 5 अक्टूबर को लैंसडाउन में आयोजित शहीद सम्मान समारोह में रखी जाएगी और इसके बाद सैन्य धाम के लिए भेजी जाएगी।
सैनिक कल्याण अधिकारी लैंसडाउन वीरेंद्र भट्ट ने जानकारी दी कि लैंसडाउन क्षेत्र के सभी 26 शहीदों के आंगन से मिट्टी पहले ही संग्रहित की जा चुकी है।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने कलेक्ट्रेट परिसर से सैनिक कल्याण विभाग के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि शहीदों के आंगन से संग्रहीत मिट्टी सैन्य धाम निर्माण में उपयोग होगी।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, मुख्य शिक्षाधिकारी नागेंद्र बर्तवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
