पौड़ी

जिला मुख्यालय में चला स्वच्छता अभियान

पौड़ी। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतर्गत गुरुवार को जिला मुख्यालय के नया बस अड्डा परिसर और उसके आसपास व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।

17 सितंबर से शुरू हुआ यह पखवाड़ा आगामी 2 अक्टूबर तक लगातार चलेगा। इसके अंतर्गत नगर क्षेत्र के साथ ही जिले के सभी विकासखंडों में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के दौरान प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई जा रही है, ताकि लोग स्वयं साफ-सफाई रखने के साथ समाज को भी प्रेरित करें।

मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने बताया कि “एक दिन, एक घंटा और एक साथ” थीम के तहत जनपद मुख्यालय, विकासखंडों, नगर निकायों और तहसीलों में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए पहले से ही चिन्हित स्थानों पर सफाई कार्य किया गया।

गुरुवार को नया बस अड्डा परिसर में झाड़ियों और कूड़े-कचरे को एकत्र कर नगर पालिका के वाहनों से निस्तारित किया गया। इसी तरह जीआईसी पौड़ी के आसपास भी सफाई की गई।

स्वजल प्रबंधक दीपक रावत ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़े का उद्देश्य केवल सार्वजनिक स्थानों की सफाई नहीं, बल्कि नागरिकों में स्थायी स्वच्छता की आदत विकसित करना है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अपने घरों, आसपास और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक रणजीत सिंह नेगी, सफाई निरीक्षक हेमंत कुमार, सभासद संगीता रावत सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *