अर्धकुंभ मेले की तैयारियों का निरीक्षण, जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश
पौड़ी। आगामी वर्ष 2027 में हरिद्वार जनपद में आयोजित होने वाले अर्धकुंभ मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने लक्ष्मणझूला-स्वर्गाश्रम क्षेत्र स्थित विभिन्न घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुव्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की जाएं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लक्ष्मण घाट, संत सेवा घाट, बॉम्बे घाट, किरमोला घाट और वेद निकेतन घाट का जायज़ा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को घाटों की मरम्मत, निर्माण और सुधारीकरण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम की अनिवार्य व्यवस्था और आपसी संपर्क मार्ग विकसित करने पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को रामझूला के समीप 90 मीटर लंबे स्नान घाट के निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ करने का निर्देश दिया। नगर पंचायत को क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने और जनसुविधा केंद्र स्थापित करने के आदेश दिए। वहीं निर्माणाधीन बजरंग सेतु को समय पर पूर्ण करने पर बल दिया।
स्वर्गाश्रम क्षेत्र में बेसहारा मवेशियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को विशेष अभियान चलाकर इन मवेशियों को गौशाला में शिफ्ट कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग की बाघखाला-जौंक लिंक मार्ग का भी निरीक्षण किया और निर्माणाधीन इंटरलॉकिंग व ड्रेनेज कार्यों की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि अर्धकुंभ केवल धार्मिक पर्व नहीं है, बल्कि यह आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है। इसके सफल आयोजन से क्षेत्र की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनेगी और साथ ही पर्यटन एवं स्थानीय आजीविका को भी बढ़ावा मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी यमकेश्वर रेखा आर्य, अधिशासी अभियंता सिंचाई अनिल राठौर, अधिशासी अभियंता लोनिवि दुगड्डा निर्भय सिंह, तहसीलदार वैभव जोशी, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत जौंक दीपक शर्मा सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
