पौड़ी

कंडोल गांव में “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम, ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं

पौड़ी। विकासखंड कोट के ग्राम पंचायत कठुड के अंतर्गत कंडोल गांव में मंगलवार को “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी राम सलोनी ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी समस्याएं एवं मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं।

कार्यक्रम में ग्रामीणों ने कठुड से नवन गांव तक राज्य सेक्टर में काटी गई सड़क का मुआवजा अब तक न मिलने की शिकायत की और शीघ्र भुगतान की मांग की। इसके अलावा गांव में पेयजल समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि समीपवर्ती रिसॉर्ट को नियमित जलापूर्ति होने से गांव में पानी की किल्लत बनी हुई है। साथ ही जल जीवन मिशन के कनेक्शन न लगने और जल स्रोत से गांव तक पानी का टैंक निर्माण कराने की मांग भी रखी गई।

महिला आस्था स्वयं सहायता समूह की ओर से रोजगार प्रशिक्षण की मांग की गई, जिस पर अधिकारियों ने ग्राम विकास अधिकारी को आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विद्युत व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने की मांग उठाई। वहीं, सामूहिक गौशाला निर्माण के प्रस्ताव पर अधिकारियों ने इसे ग्राम पंचायत की आगामी बैठक में मनरेगा कार्ययोजना में शामिल करने का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों ने जिला योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत स्वीकृत कंडोल गांव तक की सड़क को शीघ्र निर्मित किए जाने की भी मांग की।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं और मांगों को संबंधित विभागों तक पहुँचाकर समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *