पेपर लीक मामले में युवाओं का अनोखा प्रदर्शन, सरकार और आयोग को भेजे जाएंगे डायपर
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक प्रकरणों से आक्रोशित युवाओं का आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजधानी देहरादून में रविवार को प्रदर्शन के दौरान एक युवक अपने साथ डायपर लेकर पहुँचा। प्रदर्शनकारी ने इसे प्रतीकात्मक विरोध का हिस्सा बताते हुए कहा कि जैसे शिशुओं में लीकेज रोकने के लिए डायपर का उपयोग किया जाता है, उसी प्रकार अब सरकार और आयोग को भी “लीकेज” रोकने के लिए इनकी आवश्यकता है।

प्रदर्शनकारी ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) के अध्यक्ष को कोरियर द्वारा डायपर भेजे जाएंगे, ताकि भविष्य में फिर कभी पेपर लीक जैसे गंभीर “लीकेज” न हो सकें। यह विरोध प्रदर्शन युवाओं की पीड़ा और व्यंग्यात्मक नाराज़गी दोनों का मिला-जुला रूप था।
युवाओं का कहना है कि पेपर लीक मामलों ने राज्य के हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य को दांव पर लगा दिया है। कई परीक्षाएं रद्द हो चुकी हैं और बेरोजगारों को दोबारा तैयारी करने की मजबूरी झेलनी पड़ रही है। ऐसे में उनका धैर्य अब टूटता जा रहा है।
प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों ने दो टूक कहा कि—
“जब तक सभी पेपर लीक मामलों की सीबीआई जांच नहीं होती और दोषियों को कठोर सजा नहीं मिलती, तब तक युवाओं का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।”
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए सरकार और आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि केवल जांच बैठाना और कुछ अधिकारियों को निलंबित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे तंत्र की जवाबदेही तय करनी होगी।
