देहरादून

UKSSSC पेपर लीक मामले को लेकर उत्तराखंड बेरोजगार संघ का जोरदार प्रदर्शन, रद्द परीक्षा और सीबीआई जांच की मांग

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ चयन सेवा आयोग (UKSSSC) के पेपर लीक मामले को लेकर उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने रविवार को परेड ग्राउंड में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भारी संख्या में सामाजिक संगठन और युवा शामिल हुए।

सरकार ने परेड ग्राउंड के आस-पास सुरक्षा के मद्देनजर धारा 163 लागू की थी, जिसके तहत पांच से अधिक लोग इकट्ठा नहीं हो सकते थे। जगह-जगह भाटी पुलिसबल तैनात किया गया, लेकिन इसके बावजूद भी प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने एक स्वर में रविवार, 21 सितम्बर को आयोजित परीक्षा को रद्द करने और मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। हालांकि अब तक सरकार की ओर से इस मामले में कोई ठोस फैसला नहीं आया है।

प्रदर्शन के कारण आमजन को होने वाली असुविधा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने गांधी रोड, घंटाघर, परेड ग्राउंड, सर्वे चौक, नेहरू कॉलोनी, सचिवालय रोड सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की।

उत्तराखंड बेरोजगार संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं के भविष्य पर सीधे असर डालती हैं। उनका कहना था कि जब तक इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती, तब तक युवा और सामाजिक संगठन इसी मुद्दे को लेकर सड़क पर आवाज उठाते रहेंगे।

प्रदर्शन में शामिल युवाओं और संगठनों ने कहा कि शिक्षा और रोजगार के अधिकार को सुरक्षित रखना सरकार की जिम्मेदारी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

यह प्रदर्शन प्रदेश में युवाओं और बेरोजगारों में बढ़ती नाराजगी और सरकार की अकर्मण्यता के प्रति चेतावनी का प्रतीक माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *