पौड़ी में 21 सितंबर को होगी स्नातक स्तरीय परीक्षा, 17 केंद्रों पर 5430 परीक्षार्थी होंगे शामिल
पौड़ी। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 21 सितंबर (रविवार) को जनपद पौड़ी गढ़वाल में स्नातक स्तरीय परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा की सफल और निष्पक्ष सम्पन्नता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने शनिवार को एनआईसी कक्ष में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के कुल 17 परीक्षा केंद्रों में 5430 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसके लिए सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों का पूर्व निरीक्षण करेंगे और परीक्षा के दिन समय पर प्रश्नपत्रों को सुरक्षित ढंग से केंद्रों तक पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा डबल लॉक प्रणाली से की जाएगी और कोषागार से ले जाते समय पुलिस बल की तैनाती अनिवार्य होगी। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत, शौचालय, स्वास्थ्य, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल फोन, स्मार्ट घड़ी, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या अन्य निषिद्ध सामग्री केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही सभी केंद्रों पर जैमर व्यवस्था और प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दीवार घड़ी लगाना अनिवार्य होगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने हेतु होटलों और ढाबों की लगातार चेकिंग की जाए। उन्होंने बल दिया कि सभी पुलिसकर्मी समयबद्धता और सतर्कता का विशेष ध्यान रखें और परीक्षा अवधि तक सुरक्षा व्यवस्था में कोई ढिलाई न हो।
आयोग के प्रतिनिधि अमरीश रावत ने कहा कि जिन नए केंद्रों को इस बार परीक्षा हेतु निर्धारित किया गया है, वहाँ विशेष सतर्कता बरती जाएगी। परीक्षा में पौड़ी के पाँच केंद्रों पर 1392, श्रीनगर के छह केंद्रों पर 1944 और कोटद्वार के छह केंद्रों पर 2094 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से अपील की कि परीक्षा के दौरान समुचित समन्वय एवं गंभीरता बनाए रखें ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) रणजीत सिंह नेगी, जिला पंचायती राज अधिकारी जितेंद्र कुमार, एसीएमओ डॉ. पारुल गोयल, कोषाधिकारी अमर्त्य विक्रम सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
