द्वारीखाल

द्वारीखाल ब्लॉक मुख्यालय में विभागीय बैठक, क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान का आश्वासन

द्वारीखाल। ब्लॉक मुख्यालय सभागार में आज प्रमुख बीना राणा की अध्यक्षता में विभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार चर्चा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं, जिनके समाधान का संबंधित अधिकारियों ने आश्वासन दिया।

शिक्षा विभाग से खण्ड शिक्षा अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि पीएम श्री योजनांतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय बमोली चयनित है, जिसे प्रधानमंत्री कार्यालय से विशेष सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। द्वारीखाल ब्लॉक में चैलूसैण एवं देवीखेत स्थित राजकीय अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज सीबीएसई पैटर्न पर संचालित हैं, जहां छात्रों को मुफ्त किताबें उपलब्ध कराई जाती हैं।

जल संस्थान के सहायक अभियंता देवेश पचैरी ने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत 36 ग्रामों में कार्य प्रगति पर है, जबकि ग्राम पंचायत हिलोगी की पेयजल समस्या का समाधान शीघ्र किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग से डॉ. आर्यन सैनी ने जानकारी दी कि 24 सितंबर 2025 को ब्लॉक में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विकलांग प्रमाण पत्र भी बनाए जाएंगे।

कृषि विभाग से संजय श्रीवास्तव, उद्यान विभाग से सहायक विकास अधिकारी कमल सैनी, पशुपालन विभाग से डॉ. उमेश सिंह, खाद्य पूर्ति विभाग से भूपेन्द्र सिंह, महिला एवं बाल विकास विभाग से गीता सलानी और जिला उद्योग केन्द्र से सलोनी नेगी ने विभागीय योजनाओं की जानकारी साझा की। ग्राम्य विकास विभाग से खण्ड विकास अधिकारी जयकृत सिंह बिष्ट और पंचायत विभाग से सहायक विकास अधिकारी कृष्णपाल सैनी ने समितियों के गठन की जानकारी दी तथा विकासखंड स्तरीय 6 समितियों का गठन किया।

प्रमुख बीना राणा ने अपने संबोधन में सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का धन्यवाद किया और निर्देश दिए कि बैठक में रखी गई समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध तरीके से कर इसकी सूचना जनप्रतिनिधियों और कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मिलजुलकर कार्य करें।

बैठक में ज्येष्ठ उपप्रमुख नीलम नैथानी, कनिष्ठ उपप्रमुख कौशल्या देवी, जिला पंचायत सदस्य महेन्द्र राणा, अर्जुन नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य लतीफन बेगम, कुसुम देवी, वीरेंद्र सिंह, यशपाल सिंह, चन्द्रमोहन, मनीषा, उषा बडोला, कुलदीप नेगी, जितेन्द्र सिंह, राजन, रोबिन सिंह, विधायक प्रतिनिधि जयपाल सिंह, ग्राम प्रधान विनीता भण्डारी, आशीष बिष्ट, विजेंद्र सिंह, किशोरी लाल, हेमलता देवी, हर्षदेव नैथानी, राजेश जोशी (ग्राम पंचायत विकास अधिकारी), विकास चौधरी (ग्राम विकास अधिकारी) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन सहायक खण्ड विकास अधिकारी टीकाराम कोठियाल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *