द्वारीखाल

द्वारीखाल में शरद कालीन ब्लॉक स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ

द्वारीखाल।आज डाडामण्डी क्रीड़ास्थल में ब्लॉक प्रमुख बीना राणा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर ब्लॉक स्तरीय शरद कालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य कुल्हाड़ महेंद्र सिंह राणा, जिला पंचायत सदस्य सुराड़ी अर्जुन नेगी, खण्ड शिक्षा अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र सिंह नेगी, शिक्षक, छात्र-छात्राएँ और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत ढोल-दमाऊ की थाप पर पारंपरिक रूप से किया गया।

प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेलों में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, वहीं अतिथियों ने छात्रों को खेल भावना और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन जयसिंह बिष्ट ने किया। उन्होंने प्रतियोगिता की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में खेलों के प्रति जागरूकता और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं।

खण्ड शिक्षा अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र सिंह नेगी ने प्रतियोगिता में पारदर्शिता और खिलाड़ियों के लिए रहने-खाने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विशिष्ट अतिथि महेंद्र सिंह राणा ने कहा कि प्रतियोगिताएं बच्चों का मनोबल बढ़ाती हैं, वहीं मुख्य अतिथि बीना राणा ने कहा कि आज का युग खेलों का है और इन आयोजनों से छात्रों का सर्वांगीण विकास संभव है।

प्रतियोगिता के पहले दिन बालक वर्ग 600 मीटर दौड़ में माध्यमिक विद्यालय सतपुली के कृष्ण कुमार प्रथम, ठंठोली के आदित्य नेगी द्वितीय और सुराड़ी के अर्णव तृतीय रहे। बालिका वर्ग 600 मीटर दौड़ में जुयालगांव की सुनैना प्रथम, बमोली की मानवी द्वितीय और बिरमोली की आयुषी तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार प्रदान किए।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त सहायक विकास अधिकारी मनमोहन सिंह बिष्ट, सहायक विकास अधिकारी कृष्णपाल सैनी, प्रांतीय शिक्षक संगठन अध्यक्ष भीम सिंह बिष्ट, जूनियर शिक्षक संगठन अध्यक्ष नवीन कन्नौजिया, जिला महामंत्री मनीष राणा, मानवी कोटनाला, अरविंद सेमवाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *