श्रीनगर

श्रीनगर संयुक्त चिकित्सालय की व्यवस्थाओं की समीक्षा, जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में संयुक्त चिकित्सालय श्रीनगर की चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक उप जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित हुई। बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सा उपकरणों की स्थिति, स्वच्छता और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

विशेषज्ञ चिकित्सक और उपकरणों पर जोर

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्त्री रोग विशेषज्ञ को शीघ्र ज्वाइन करने के निर्देश दिए, ताकि गर्भवती महिलाओं को विशेषज्ञ सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि मरीजों को अधिकतम उपचार की सुविधा अस्पताल में ही उपलब्ध कराई जाए और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। यदि रेफरल आवश्यक हो तो मुख्य चिकित्सा अधीक्षक की संज्ञान में लाकर ही किया जाए।

उन्होंने सौर ऊर्जा के उपयोग, ऑक्सीजन प्लांट की मरम्मत और जिला चिकित्सालय में मौजूद अतिरिक्त सीटी स्कैन मशीन को संयुक्त चिकित्सालय में लाने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य उपकरणों की मरम्मत और मानव संसाधन व बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने पर भी बल दिया।

निरीक्षण और फीडबैक

बैठक उपरांत जिलाधिकारी ने महिला एवं पुरुष वार्डों का निरीक्षण किया और भर्ती मरीजों से फीडबैक लिया। उन्होंने जन औषधि केंद्र, मेडिसिन ओपीडी, होम्योपैथी केंद्र, ऑपरेशन थियेटर, लेबर वार्ड और पैथोलॉजी कक्ष का भी निरीक्षण किया तथा स्वास्थ्य परीक्षणों की सूची अस्पताल के प्रवेश द्वार पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने औषधि भंडार में दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए कहा कि अस्पताल में जितनी भी दवाएँ लिखी जाएँ, वे मरीजों को यहीं से मुफ्त मिलें। साथ ही स्वच्छता, चिकित्सकों का व्यवहार और समयबद्ध उपचार को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

बैठक में पारित प्रस्ताव

बैठक में पैथोलॉजी के लिए फुली ऑटोमेटेड हार्मोनल एनालाइजर मशीन खरीदने का प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही 9 सेवक/सेविकाओं का 11 माह हेतु सेवा विस्तार और विद्युत संबंधी कार्यों सहित अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।

बैठक में मेयर नगर निगम श्रीनगर आरती भंडारी, निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण गढ़वाल मंडल डॉ. चंद्र प्रकाश त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, उपजिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा, प्रभारी सीएमएस डॉ. अजय गोयल, उप कोषाधिकारी नंदन सिंह खत्री, समिति सदस्य गिरीश पैन्यूली, देवेंद्र भट्ट सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *