द्वारीखाल

पोगठा–मैठाणा संपर्क मार्ग की मरम्मत कार्य फिर से शुरू, ग्रामीणों को मिली राहत

द्वारीखाल। पोगठा से मैठाणा तक संपर्क मार्ग की मरम्मत का रुका हुआ कार्य अब दोबारा शुरू हो गया है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व फौजी बीरेंद्र सिंह रावत ने जानकारी दी कि इस मार्ग की मरम्मत के लिए उन्होंने पूर्व ब्लॉक प्रमुख महेन्द्र सिंह राणा से अनुरोध किया था। जनहित को ध्यान में रखते हुए इस कार्य को मनरेगा के तहत स्वीकृति मिली थी।

मार्ग की मरम्मत मई 2025 में शुरू हुई थी, लेकिन बारिश, खेती-बाड़ी और पंचायत चुनावों के कारण यह कार्य बीच में रुक गया। लगातार भारी वर्षा से संपर्क मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके चलते ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कतें उठानी पड़ीं। अब कार्य दोबारा शुरू होने से क्षेत्रवासियों को राहत की उम्मीद है।

बीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि क्षेत्र की महिला-पुरुष उत्साहपूर्वक इस कार्य में भाग ले रहे हैं। इससे पहले वर्ष 2022–23 में भी यह मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ था। उस समय उनके प्रयासों पर क्षेत्रीय विधायक रेनू बिष्ट ने धनराशि स्वीकृत कराई थी।

यह संपर्क मार्ग पोगठा, मैठाणा से डल ग्वाडी ग्रामसभा को जोड़ता है। पहले यह एक खच्चर मार्ग था, लेकिन अब टू-व्हीलर वाहन आसानी से आ-जा रहे हैं। इस उपलब्धि का श्रेय यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट और पूर्व ब्लॉक प्रमुख महेन्द्र सिंह राणा को जाता है। उस समय के ग्राम प्रधान दीपचंद शाह ने भी सकारात्मक भूमिका निभाई थी।

सामाजिक कार्यकर्ता बीरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि संपर्क मार्ग का सुधरना ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत है और इसके पूर्ण होने से आवागमन और भी सुगम हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *