ग्राम पंचायत धारी की मीनाक्षी को मिला स्वर्ण पदक, यमकेश्वर हुआ गौरवान्वित
राष्ट्रपति से स्वर्ण पदक पाकर चमकी की ग्राम ढौर की मीनाक्षी रावत
यमकेश्वर। ग्राम पंचायत धारी के ग्राम ढौंर निवासी रोशनी देवी एवं उपेंद्र सिंह रावत की पुत्री मीनाक्षी रावत ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मीनाक्षी को लैब टेक्नीशियन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।

राष्ट्रपति भवन में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान मीनाक्षी रावत को यह स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। मीनाक्षी की इस उपलब्धि पर न केवल उनके परिवारजनों बल्कि पूरे ग्राम ढौंर एवं आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने इसे पूरे यमकेश्वर ब्लॉक के लिए गौरव का क्षण बताया।
मीनाक्षी रावत ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत और लगन से हर लक्ष्य को पाया जा सकता है। उन्होंने क्षेत्र की अन्य छात्र-छात्राओं से भी शिक्षा के प्रति गंभीरता से मेहनत करने का आह्वान किया।
मीनाक्षी की सफलता पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने उन्हें बधाई दी। सभी ने उम्मीद जताई कि मीनाक्षी भविष्य में भी इसी तरह अपनी प्रतिभा से क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी।
