अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल ने पौड़ी में किया आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण
पौड़ी। मानसून के दौरान उत्तराखंड में आई दैवीय आपदा से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए भारत सरकार द्वारा गठित अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल ने मंगलवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल का दौरा कर आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

दल ने तहसील पौड़ी अंतर्गत सैंजी गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया तथा राहत कार्यों, आवश्यकताओं और समस्याओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। दल ने क्षतिग्रस्त घर, सड़क, पुल, सार्वजनिक भवन, पेयजल योजनाएं, विद्युत लाइनें, कृषि भूमि, फसलें, पशुधन और आजीविका से जुड़े संसाधनों की क्षति का गहन अध्ययन किया। निरीक्षण के दौरान आपदा के समय उपलब्ध कराई गई खाद्यान्न सामग्री, पेयजल, चिकित्सा सहायता, अस्थायी आश्रय और बचाव कार्यों की भी समीक्षा की गई। साथ ही ड्रोन से किए गए सर्वेक्षण का अवलोकन कर राहत कार्यों में की गई प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की गई।
दल का नेतृत्व कर रहे भारत सरकार के संयुक्त सचिव आर. प्रसन्ना ने कहा कि यह निरीक्षण आपदा से हुई वास्तविक क्षति का तथ्यात्मक आकलन कर विस्तृत प्रतिवेदन केंद्र सरकार को सौंपने के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण और जनजीवन सामान्य करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि दल की रिपोर्ट के आधार पर केंद्र सरकार आवश्यक निर्णय लेगी, जिससे पुनर्निर्माण कार्यों को गति मिलेगी और प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाई जाएगी।
निरीक्षण दल में उप निदेशक विकास सचान, मुख्य अभियंता पंकज सिंह और वित्त निदेशक शैलेश कुमार शामिल थे। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, पुलिस क्षेत्राधिकारी त्रिवेंद्र सिंह राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
