पौड़ी

सैनिक कल्याण मंत्री ने शहीद सैनिक सम्मान समारोह की तैयारियों का जायजा लिया

लैंसडॉन। प्रदेश के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को गढ़वाल रेजिमेंटल सेंटर लैंसडाउन का दौरा कर आगामी अक्टूबर माह में प्रस्तावित शहीद सैनिक सम्मान समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सैन्य अधिकारियों और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री ने समारोह स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को समयबद्ध एवं भव्य तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने हिमालय दिवस पर छावनी क्षेत्र में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

सैनिक कल्याण मंत्री ने बताया कि प्रदेश के 1734 बलिदानियों के आंगन की मिट्टी सैन्यधाम लाई जा चुकी है, जबकि शेष 71 बलिदानियों की मिट्टी लाने के लिए दूसरे चरण की शहीद सम्मान यात्रा 22 सितम्बर से 04 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी। इसके उपरांत 05 अक्टूबर को लैंसडॉन में शहीद सैनिक सम्मान समारोह होगा, जिसमें शहीद परिवारों को ताम्रपत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सैन्यधाम के लोकार्पण से पूर्व सभी बलिदानियों के आंगन की मिट्टी वहां सम्मिलित की जाएगी।

इस अवसर पर गढ़वाल राइफल रेजिमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर (सेनि) अमृतलाल, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, उप जिलाधिकारी शालिनी मौर्या, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (सेनि) वी.पी. भट्ट सहित सैन्य और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *