पौड़ी

अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर पौड़ी में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित

पौड़ी। अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पौड़ी की ओर से सोमवार को विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर की शुरुआत एजेंसी चौक से रामलीला मैदान तक निकाली गई रैली से हुई। रैली में स्कूली छात्र-छात्राओं ने “न्याय और शिक्षा दोनों हमारे अधिकार” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। इसके उपरांत “एक बच्चा, एक किताब” अभियान के तहत विद्यार्थियों को पुस्तकें भी वितरित की गईं।

सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती नाज़िश कलीम ने छात्र-छात्राओं को मौलिक अधिकार व कर्तव्यों, बाल अधिकार, शिक्षा का महत्व तथा शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत संविधान के अनुच्छेद 21(ए) की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, सरकारी योजनाओं एवं निशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी भी दी। साथ ही बच्चों को डिजिटल साक्षरता और साइबर सुरक्षा से जुड़े अहम बिंदुओं पर भी जागरूक किया।

शिविर में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर शपथ ली।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी आर.एस. नेगी, असिस्टेंट लीगल डिफेंस काउंसिल विनोद कुमार, रिटेनर अधिवक्ता कुसुम नेगी, जिला क्रीड़ा समन्वयक योगंबर सिंह सहित विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *