पौड़ी

मंडल मुख्यालय पौड़ी में आयुक्त व आईजी की प्रेस वार्ता

आपदा से निपटने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास, चारधाम यात्रा 5 सितंबर तक स्थगित

पौड़ी। लगातार हो रही भारी वर्षा से उत्पन्न आपदा की स्थिति को लेकर मंगलवार को मंडल मुख्यालय पौड़ी स्थित आयुक्त कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डेय और आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने मीडिया को आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों की जानकारी दी।

आयुक्त पाण्डेय ने बताया कि मानसून की भारी बारिश के चलते चारधाम यात्रा को आगामी 5 सितंबर 2025 तक स्थगित किया गया है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे शासन-प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें।

उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे बारिश का दबाव कम होगा, आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों को उनकी पूर्व स्थिति में लाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किए जाएंगे। प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, सड़क और विद्युत की वैकल्पिक व्यवस्थाएं तत्काल प्रभाव से की जा रही हैं।

आयुक्त ने बताया कि उत्तरकाशी, पौड़ी और चमोली सहित कई जनपदों में जानमाल की क्षति हुई है। मुख्यमंत्री स्वयं राहत एवं पुनर्वास कार्यों की सतत समीक्षा कर रहे हैं। आपदा से क्षतिग्रस्त आवासीय भवनों के स्वामियों को पाँच लाख रुपये की एकमुश्त त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है। साथ ही खतरे की आशंका वाले गाँवों का सुरक्षित विस्थापन प्राथमिकता पर किया जा रहा है।

धराली की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि मौसम सुधरते ही नदियों और नालों के कैचमेंट क्षेत्रों में अतिक्रमण की पहचान के लिए व्यापक सर्वे प्रारंभ होगा। टिहरी जिले के मुनि की रेती क्षेत्र में 24 अतिक्रमणों की पहचान की गई, जिनमें से 18 को सील किया जा चुका है।

आयुक्त ने बताया कि केवल पौड़ी जनपद में ही आपदा मोचन निधि की विभिन्न मदों से प्रभावितों को 2 करोड़ 52 लाख 89 हजार रुपये की राहत राशि वितरित की गई है। उन्होंने कहा कि वह बुधवार को तहसील पौड़ी के आपदा प्रभावित गाँव सैंजी का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।

इस दौरान आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने कहा कि आपदा की विकट परिस्थितियों में पुलिस बल ने राहत व बचाव कार्यों को तत्काल गति दी है। मंडलीय स्तर पर पुलिस अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *