उत्तराखंडकोटद्वारपौड़ी

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया का मालन और गाड़ीघाट पुल का निरीक्षण

भू-कटाव रोकने और पुलों की सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश

पौड़ी/कोटद्वार। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंगलवार को मालन पुल और गाड़ीघाट पुल का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सिंचाई विभाग को नदियों के तेज बहाव से हो रहे भू-कटाव को रोकने और बाढ़ सुरक्षा कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि बरसात के मौसम में पुलों की नींव और संरचना की नियमित जांच की जाए। साथ ही नदियों के जलस्तर की सतत निगरानी के लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने और स्थानीय लोगों को समय-समय पर सतर्क करने के निर्देश दिए। उन्होंने आपात स्थिति में राहत एवं बचाव दल को तुरंत सक्रिय करने पर भी जोर दिया।

गाड़ीघाट पुल का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को पुल के समीप खोह नदी से क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फिलहाल वायर क्रेट लगाकर स्थिति को नियंत्रित किया जाए और बरसात के बाद स्थायी उपचारात्मक कार्यवाही की जाए। जिलाधिकारी ने दो दिन के भीतर सिंचाई विभाग से कार्यवाही रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

इसके अलावा उन्होंने लोक निर्माण विभाग को गाड़ीघाट पुल पर बने गड्ढों को शीघ्र भरने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम कोटद्वार सोहन सिंह सैनी, अधिशासी अभियंता लोनिवि दुगड्डा निर्भय सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई अनिल राठौर, तहसीलदार साक्षी उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *