भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए पौड़ी जिले में 2 सितम्बर को सभी स्कूल–आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे
पौड़ी। मौसम विज्ञान विभाग, हाइड्रोमेट डिविजन नई दिल्ली से प्राप्त पूर्वानुमान के अनुसार 02 सितम्बर 2025 को उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों सहित पौड़ी गढ़वाल जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश होने, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा तीव्र से अति-तीव्र होने की संभावना व्यक्त की गई है।

भारी वर्षा के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, बोल्डर गिरने, नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर जाने और पुलों व सड़कों को क्षति होने की आशंका जताई गई है।
छात्र–छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जनपद पौड़ी गढ़वाल के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में दिनांक 02 सितम्बर 2025, मंगलवार को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल स्वाति एस. भदौरिया ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश की अवहेलना होने पर संबंधित के विरुद्ध आपदा अधिनियम 2005 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
