चारधाम एवं हेमकुंड साहिब यात्रा 5 सितम्बर तक स्थगित
देहरादून। मौसम विज्ञान विभाग, हाइड्रोमेट डिविजन नई दिल्ली से प्राप्त पूर्वानुमान के अनुसार आगामी 24 घंटों में उत्तराखंड राज्य के जनपद चमोली, उत्तरकाशी, चंपावत, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और टिहरी में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।

भारी बारिश के चलते राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में जलभराव, बाढ़, मोटरमार्गों के अवरुद्ध होने, भूस्खलन, बोल्डरों के गिरने, नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर जाने और पुलों को खतरा उत्पन्न होने की आशंका जताई गई है।
इसी परिप्रेक्ष्य में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चारधाम एवं हेमकुंड साहिब की यात्रा को 01 सितम्बर से 05 सितम्बर 2025 तक स्थगित किया गया है।
गढ़वाल आयुक्त एवं चारधाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन के अध्यक्ष विनय शंकर पांडेय ने आदेश जारी करते हुए सभी जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया है कि संबंधित थाना एवं चौकियों के माध्यम से इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
