बीना राणा ने सम्भाली द्वारीखाल की कमान
द्वारीखाल। द्वारीखाल ब्लॉक में नवनिर्वाचित प्रमुख बीना राणा, ज्येष्ठ उप प्रमुख नीलम नैथानी, कनिष्ठ उप प्रमुख कौशल्या देवी एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने शहीद विपिन रावत हॉल में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।
प्रमुख बीना राणा का ढोल–दमाऊ वाद्य यंत्रों के साथ भव्य स्वागत किया गया। द्वारीखाल बाजार से ब्लॉक कार्यालय तक स्थानीय जनता एवं जनप्रतिनिधि रैली के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में मुख्य कृषि जिलाधिकारी डॉ. विलेश यादव ने पहले क्षेत्र पंचायत सदस्यों को तथा तत्पश्चात प्रमुख, ज्येष्ठ उप प्रमुख एवं कनिष्ठ उप प्रमुख को शपथ दिलाई। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी जयकृत सिंह बिष्ट ने जानकारी दी कि क्षेत्र पंचायत की बैठक आगामी 30 अगस्त 2025 को आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी सदस्यों को आमंत्रित किया गया है। वहीं सहायक विकास अधिकारी कृष्णपाल सैनी ने सभी सदस्यों से पद एवं गोपनीयता पत्र भरवाए और विभागीय जानकारी दी।
निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख एवं कुल्हाड़ जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह राणा ने सभी को बधाई देते हुए सामूहिक सहयोग से कार्य करने का आह्वान किया। वहीं जिला पंचायत सदस्य सुराडी अर्जुन नेगी ने भी नवनिर्वाचित सदस्यों एवं पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ दीं।

अपने प्रथम संबोधन में प्रमुख बीना राणा ने कहा कि हमें मिल-जुलकर क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए काम करना होगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि विकास कार्यों में तन-मन-धन से योगदान देंगी और जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेंगी।
कार्यक्रम का संचालन सहायक विकास अधिकारी कृष्णपाल सैनी एवं सेवानिवृत्त विकास अधिकारी मनमोहन सिंह बिष्ट ने किया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज गुसाईं, रेनू उनियाल, सूमा देवी, मुन्नी देवी, शोभा नैथानी, हर्षदेव नैथानी, विजय सिंह, अर्जुन कण्डारी, धीरज सिंह, प्रभाकर डोवरियाल, मन्दीप डोबरियाल, कीरत सिंह रावत सहित क्षेत्र की बड़ी संख्या में जनता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
