राजनीति

द्वारीखाल ब्लॉक प्रमुख चुनाव: वायरल ऑडियो से बढ़ी सियासी सरगर्मी

पौड़ी। द्वारीखाल ब्लॉक प्रमुख चुनाव के नतीजों के बाद सियासत थमने का नाम नहीं ले रही। अब सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसने चर्चाओं को और हवा दे दी है।

वायरल ऑडियो भाजपा के पूर्व विधायक एवं वर्तमान कोटद्वार मेयर शैलेन्द्र सिंह रावत का बताया जा रहा है। ऑडियो में वे कथित तौर पर एक क्षेत्र पंचायत सदस्य से भाजपा अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ वोट डालने की बात करते सुनाई दे रहे हैं। आरोप है कि पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी को हराने के लिए तोड़फोड़, खरीद-फरोख्त और लालच जैसे हथकंडे अपनाए गए।

वायरल ऑडियो की सत्यता को लेकर फिलहाल कई तरह की बातें सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे वास्तविक मान रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से जनरेट किया गया ऑडियो हो सकता है। ऐसे में सच्चाई क्या है, यह तो केवल जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

इस ऑडियो के सामने आने के बाद भीतरघात, अंदरूनी और गुटबाज़ी के आरोप पार्टी के भीतर ही तेज़ हो गए हैं। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यह मामला भाजपा के भीतर खींचतान और अंतर्कलह की ओर इशारा करता है।

जैसा अक्सर कहा जाता है “राजनीति में कोई किसी का सगा नहीं होता, यहां न स्थायी दोस्त होते हैं न दुश्मन, सब कुछ तात्कालिक लाभ के आधार पर तय होता है।” द्वारीखाल चुनाव के बाद का यह घटनाक्रम उसी कहावत को चरितार्थ करता नज़र आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *