उत्तराखंडपौड़ीराष्ट्रीय

बारिश में भी नहीं थमा जोश, तिरंगा यात्रा से गूंज उठा पौड़ी

पौड़ी। 79वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जनपद मुख्यालय पौड़ी में “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। लगातार हो रही बारिश के बावजूद देशभक्ति का उत्साह चरम पर रहा और शहर की सड़कों पर भारत माता के जयकारे गूंजते रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत एवं सतपाल महाराज, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी तथा मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने किया। जनप्रतिनिधियों और बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में हिस्सा लिया और लोगों को देशभक्ति व एकता का संदेश दिया।

पौड़ी के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति नारों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को नमन किया। तिरंगा यात्रा में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, व्यापारी वर्ग और आमजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। बारिश के बावजूद प्रतिभागियों का जोश और उमंग कम नहीं हुआ।

जनप्रतिनिधियों ने इस अवसर पर कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान हमें आज़ादी के महत्व और देश के प्रति अपने कर्तव्य की याद दिलाता है। इस प्रकार के आयोजन समाज में एकजुटता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं।

यात्रा का समापन नगर के मुख्य बस अड्डे पर हुआ, जहां पूरे शहर में तिरंगे की शान और राष्ट्रप्रेम का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *