सैंजी गांव में आपदा प्रभावित परिवारों की सहायता, कृषि क्षति का आकलन
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में राजस्व टीम ने शुक्रवार को जनपद के आपदा प्रभावित ग्राम सैंजी का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने गांव में आपदा से हुई कृषि क्षति का विस्तृत आकलन किया, जिसमें फसलों के नुकसान, खेतों में जमा मलबे और भूमि कटाव जैसी स्थितियों का परीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान राजस्व टीम ने प्रभावित परिवारों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही राहत सामग्री के रूप में कंबल वितरित किए, ताकि प्रभावित लोग तात्कालिक रूप से राहत पा सकें। टीम ने यह भी सुनिश्चित किया कि नुकसान का आकलन शीघ्र रिपोर्ट के रूप में जिला प्रशासन को प्रेषित हो, जिससे पात्र प्रभावितों को समयबद्ध आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जिलाधिकारी ने पूर्व में ही संबंधित विभागों को निर्देश दिए थे कि आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित राहत वितरण और नुकसान आकलन प्राथमिकता से किया जाए, ताकि लोगों को जल्द से जल्द सहायता मिल सके।
